पोखरा जा रहा एक निजी एयरलाइंस का विमान त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) पर उड़ान भरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार 19 लोगों में से 18 की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सौर्य एयरलाइंस के विमान का पायलट दुर्घटना में बच गया और उसे अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना तब हुई जब विमान रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई। घटनास्थल से प्राप्त फुटेज में विमान के रनवे से तेजी से नीचे उतरने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद विमान में आग लग गई और मलबे से ऊंची लपटें और घना काला धुआं निकल रहा था।
सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुए निजी विमान में एयरक्रू सहित कम से कम 19 लोग सवार थे। काठमांडू पोस्ट अखबार ने बताया कि दुर्घटनास्थल से 18 शव बरामद किए गए हैं। टीआईए के प्रवक्ता सुभाष झा ने कहा, “पोखरा जा रहा विमान उड़ान भरने के दौरान रनवे से बाहर निकल गया, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई।” हिमालयन टाइम्स समाचार पत्र के अनुसार विमान में केवल एयरलाइन का तकनीकी स्टाफ सवार था। टीआईए के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने कहा, “विमान में कोई यात्री नहीं था, लेकिन उसमें कुछ तकनीकी स्टाफ सवार थे।”





