बीजेपी गुजरात चुनाव के लिए शुरू करेगी गौरव यात्रा

गुजरात में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आम आदमी पार्टी (AAP) से कड़ी टक्कर मिल रही है। आप नेताओं की जनसभाओं में होने वाली भीड़ ने भाजपा ‘थिंकटैंक’ की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने अपना मास्टर स्ट्रोक चला है।

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी चुनावों से पहले राज्य में ‘गुजरात गौरव यात्रा’ लॉन्च करने जा रही है। पांच अलग-अलग मार्गों पर यह यात्रा आज से ही शुरू होगी, जिसका शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।

आदिवासी वोटरों पर होगा फोकस 
भाजपा की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आदिवासी वोटरों को साधना है। दरअसल, आदिवासी वोटर परंपरागत रूप से कांग्रेस को वोट देते आए हैं, अब आम आदमी पार्टी इन वोटरों को लुभाने में जुटी है। ऐसे में भाजपा ने अपनी यात्रा के लिए जिन मार्गों को चुना है, उनका उद्देश्य ऐसे ही वोटरों पर अपनी पकड़ को मजबूत बनाना है।

तीसरी बार गुजरात में ‘गौरव यात्रा’
यह तीसरी बार है कि भाजपा गुजरात में गौरव यात्रा शुरू करने जा रही है। इससे पहले 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2002 सांप्रदायिक दंगों के बाद यह यात्रा निकाली थी। इसके बाद 2017 के चुनावों में भी इसी तरह की यात्रा लॉन्च की गई थी। दोनों ही बार फायदा भाजपा को हुआ है। 2002 में, भाजपा ने कुल 182 सीटों में से 127 सीटें जीती थीं। वहीं, 2017 में पार्टी को 99 और कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों गौरव यात्रा में मिले फायदे से भाजपा उत्साहित है, उसे यकीन है कि इसका फायदा इस बार भी होगा।

द्वारका से होगी यात्रा की शुरुआत 
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारका से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे।  यात्रा का दूसरा मार्ग मेहसाणा जिले के बहूचराजी से होगा। इस दौरान पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल मौजूद रहेंगे। इसके अलावा गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अन्य तीन मार्गों पर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top