राष्ट्रव्यापी “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन 17-18 अप्रैल, 2026 को सात शहरों में किया जाएगा

running

युवा मामले और खेल मंत्रालय, महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने और विकसित भारत की परिकल्पना में नागरिक भागीदारी को मजबूत करने की अपनी सतत पहलों के तहत, 17 और 18 अप्रैल 2026 को सात प्रमुख शहरों में राष्ट्रव्यापी “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन करेगा।

#नारीशक्तिवंदन थीम पर आधारित यह आयोजन दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर में आयोजित किया जाएगा। पटना और जयपुर में आयोजन 17 अप्रैल 2026 को निर्धारित हैं, जबकि शेष शहरों – दिल्ली, कटक, मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु – में यह दौड़ 18 अप्रैल 2026 को होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह तड़के प्रतिभागियों के पंजीकरण के साथ होगा, जिसके बाद उद्घाटन सत्र होगा जिसमें गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन, मुख्य अतिथि का संबोधन और नारी शक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। लगभग 2 से 3 किलोमीटर की यह दौड़ प्रत्येक शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ होगा।

इस पहल का उद्देश्य विभिन्न पृष्ठभूमियों की महिलाओं, जिनमें छात्राएं, पेशेवर महिलाएं, उद्यमी, खिलाड़ी और नागरिक समाज की सदस्य शामिल हैं, की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है। माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और अन्य सहयोगी संगठनों के माध्यम से भागीदारी को सुगम बनाया जा रहा है।

नारी शक्ति वंदन रन का आयोजन संसद के 16 से 18 अप्रैल 2026 तक चल रहे सत्र के संदर्भ में किया जा रहा है , जिसमें महिलाओं के प्रतिनिधित्व और परिसीमन की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य समावेशी प्रतिनिधित्व पर व्यापक राष्ट्रीय चर्चा के अनुरूप शासन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में महिलाओं की भागीदारी के प्रति जन जागरूकता और सहभागिता को बढ़ाना है।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है और भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में महिलाओं की महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में भूमिका को सुदृढ़ करने का प्रयास करता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top