स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी और बीआरएमएस पौड़ी में छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.अलीशा सचदेवा ने बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए यह वैक्सीन अत्यंत प्रभावी है। यह मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर और अन्य जननांग कैंसर की रोकथाम में मदद करती है। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है और बेहतर प्रतिरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविरों के साथ-साथ सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों में यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। टीकाकरण का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.अमित मेहरा ने बताया कि कई अभिभावकों में इस वैक्सीन को लेकर बांझपन चक्कर आना और बेहोशी जैसी भ्रांतियां हैं जबकि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि इस टीके का प्रजनन क्षमता पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता और यह सर्वाइकल कैंसर के खतरे को 90 प्रतिशत तक कम करने में सहायक है। अब तक इसके कोई दीर्घकालिक दुष्परिणाम सामने नहीं आए हैं।उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं के अभिभावकों से अपनी बेटियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.सावित्री शैव सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार एएनएम विधि भंडारी नरेंद्र रावत विद्यालय की छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे।





