हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी-2026-27) का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश परीक्षा अनुक्रमांक (रोल नंबर) एवं जन्मतिथि दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आगामी कार्यक्रमों की जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करने की अपील की है। विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा का आयोजन 17 जून से 20 जून 2026 तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक कराया गया था। परीक्षा के परिणाम घोषित होने के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया का अगला चरण भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने जानकारी दी कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक तथा अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) के अभ्यर्थियों के लिए 35 प्रतिशत अंक (5 प्रतिशत की छूट सहित) अनिवार्य किए गए थे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के वर्तमान नामांकित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में निरंतरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्धारित न्यूनतम पात्रता अंकों में अतिरिक्त 5 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यूईटी-2026-27 का परिणाम केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ही मान्य होगा। विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ.प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि यूईटी-2026-27 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के 101 से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कुल 13,900 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 9,786 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए जबकि 2,276 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि एल.एल.बी.पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा के दौरान देहरादून परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पाया गया जिसके बाद विश्वविद्यालय ने नियमानुसार उसे परीक्षा से डिबार (Debar) कर दिया। डॉ.नेगी ने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अलावा बी.एड.बी.पी.एड. एल.एल.बी.तथा बी.लिब.में प्रवेश के इच्छुक एवं प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कर अपनी पसंद के विश्वविद्यालय परिसर अथवा सम्बद्ध महाविद्यालय का चयन करना होगा।
समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण विकल्प चयन एवं काउंसलिंग प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत अधिसूचना शीघ्र ही छात्र अधिष्ठाता कल्याण कार्यालय द्वारा जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सभी प्रवेश एवं अन्य परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता गोपनीयता और निर्धारित नियमावली के अनुरूप संपन्न कराई जाती हैं। परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया पंजीकरण कार्यक्रम काउंसलिंग एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी पर ही विश्वास करें तथा समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें।





