जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को सीसीआर सभागार हरिद्वार में जनपद के सभी सड़क मार्गों को गड्ढामुक्त किए जाने के लिए आगामी 15 सितंबर से प्रस्तावित अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग नगर निगम नगर पालिकाओं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी मुख्य मार्गों संपर्क मार्गों और ग्रामीण सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर गड्ढों को पहले से चिन्हित किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार सड़क मरम्मत कार्यों के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 15 सितंबर से प्रस्तावित अभियान के संचालन के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभाग निर्धारित तिथि की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में जुट जाएं। वर्षा के कारण जिन सड़कों को अधिक क्षति पहुंची है वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सड़क मरम्मत से संबंधित किसी भी शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि मरम्मत कार्य टिकाऊ और प्रभावी हो सकें। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को तेजी से संचालित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित सुगम और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके सिंह सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह उप जिलाधिकारी योगेश कुमार उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





