जिला क्रीड़ा अधिकारी टिहरी गढ़वाल दीपक रावत ने बताया कि चतुर्थ टिहरी कप महिला फुटबॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन 9 मार्च 2026 को पीटीसी मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 मार्च 2026 को किया गया था। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की महिला फुटबॉल टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला मुनस्यारी पिथौरागढ़ और चमोली के बीच खेला गया। इस मुकाबले में चमोली की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मुनस्यारी पिथौरागढ़ को 1–0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला उत्तरकाशी हॉस्टल और बागेश्वर के बीच खेला गया जिसमें बागेश्वर की टीम ने 1–0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला चमोली और बागेश्वर के बीच खेला गया।
दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन अंततः चमोली की टीम ने 1–0 से जीत दर्ज करते हुए चतुर्थ टिहरी कप महिला फुटबॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को खेल विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार ने भी विजेता और उपविजेता टीमों को अपनी ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने खेल विभाग की सराहना की।





