गुजरात के राजकोट में शनिवार शाम एक गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस घटना में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है। आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं।
राजकोट के पुलिस कमिश्नर राजू भार्गव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”टीआरपी गेमिंग जोन में आग लग गई और कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना है।”
“तब (आग पर काबू पाने के बाद) हम ज़ोन के अंदर हताहतों की सही संख्या का पता लगाने में सक्षम होंगे। हम आग के कारण की भी जांच करेंगे, और शहर के सभी गेमिंग ज़ोन को बंद करने के लिए एक संदेश जारी किया गया है।” उन्होंने आगे कहा।
“बचाव अभियान जारी है। आग नियंत्रण में है। हम अधिक से अधिक शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अब तक, लगभग 20 शव बरामद किए गए हैं और उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।”
आयुक्त ने कहा कि पुलिस गेमिंग ज़ोम मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करेगी और बचाव अभियान समाप्त होने के बाद जांच शुरू की जाएगी।





