टिहरी में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से 6 से 9 मार्च के बीच टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया जाएगा।पुराने टिहरी शहर को अपने आगोश में समाई विशाल झील की सैर गंगा की वेगवान लहरों पर रोमांचक राफ्टिंग रहस्यमयी खैट पर्वत की ट्रैकिंग देवप्रयाग में पौराणिक रघुनाथ मंदिर के दर्शन तथा संगम तट पर योगाभ्यास-इन सभी गतिविधियों का आनंद एक ही मंच पर लेने का अवसर इस महोत्सव के माध्यम से मिलेगा।
टिहरी जिला प्रशासन एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित Himalayan O₂ -टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। चार दिवसीय इस महोत्सव के दौरान जनपद टिहरी के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर साहसिक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि टिहरी लेक फेस्टिवल का उद्देश्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय युवाओं कलाकारों शिल्पकारों एवं उद्यमियों को मंच प्रदान किया जाएगा जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
साहसिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक रंग
महोत्सव के दौरान ट्रैकिंग माउंटेन बाइकिंग रॉक क्लाइंबिंग राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो मास्टर शेफ प्रतियोगिता फोटोग्राफी पेंटिंग सोशल मीडिया रील ग्रुप फैशन शो मिस्टर एंड मिस टिहरी तथा रैप सिंगिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
एक लाख रुपये तक के आकर्षक पुरस्कार
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पांच-पांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
कोटी कॉलोनी बनेगी मुख्य आकर्षण केंद्र
आयोजन का उद्घाटन 6 मार्च को कोटी कॉलोनी में होगा। यहां फूड फेस्टिवल मिस्टर एंड मिस टिहरी प्रतियोगिता मास्टर शेफ प्रतियोगिता तथा वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। 6 मार्च को पांडवाज बैंड अपनी प्रस्तुति देगा जबकि 7 मार्च को प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक अमित त्रिवेदी दर्शकों को अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करेंगे।
एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
प्रतापनगर ब्लॉक में 7 मार्च को माजफ-पीडी ट्रैक तथा 8 मार्च को थात-खैट पर्वत ट्रैक का आयोजन किया जाएगा।घनसाली में बासल ताल ट्रैक आयोजित होगा। नरेंद्र नगर ब्लॉक में 8 मार्च को ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग कराई जाएगी जबकि धनोल्टी क्षेत्र के अंतर्गत सुआखोली से देवलसारी तक एमटीबी राइड का आयोजन होगा।
देवप्रयाग में आध्यात्म और योग का संगम
महोत्सव के प्रतिभागियों को देवप्रयाग स्थित प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर के दर्शन संगम तट पर गंगा आरती में सहभागिता तथा योगाभ्यास का अवसर मिलेगा। साथ ही ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा जिससे प्रतिभागी क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से रूबरू हो सकेंगे।टिहरी लेक फेस्टिवल साहसिक पर्यटन सांस्कृतिक विविधता और आध्यात्मिक अनुभवों का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। जिला प्रशासन को विश्वास है कि यह आयोजन टिहरी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।





