हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए महा स्वच्छता अभियान तेज 31 जनवरी तक चलेगा अभियान

cleanliness-campaign-haridwar

तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से जिले में बीते दो माह चार दिन से लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है।मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में यह अभियान शहरों से लेकर गांव और कस्बों तक व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है,जिसका प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जनपद को स्वच्छ बनाने की दिशा में अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा 31 जनवरी तक महा स्वच्छता अभियान पखवाड़ा चलाया जा रहा है।इसके तहत जिला स्तरीय अधिकारियों का विभागवार रोस्टर जारी किया गया है।अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जा सके। महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया। बीएचईएल प्रशासन की ओर से शिव मूर्ति चौराहे से गुरुद्वारा रोड सेक्टर-1 तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

भारत स्काउट गाइड द्वारा हरकी पौड़ी क्षेत्र के नाई घाट में सीढ़ियों पर जमी काई हटाकर स्वच्छता कार्य किया गया। जिला पंचायत की टीम ने भूमानंद अस्पताल बहादराबाद से संस्कृति महाविद्यालय तक कई स्थानों पर सफाई कर पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया। वहीं,खंड विकास अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विकासखंडों में सफाई अभियान संचालित किया गया। खानपुर विकासखंड के इंदरीशपुर क्षेत्र में तथा रुड़की विकासखंड के ग्राम पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर में साफ-सफाई कराई गई। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास सफाई बनाए रखें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श जनपद बनाया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top