पेरिस में प्रतिष्ठित एआई एक्सेलेरेटर कार्यक्रम के लिए 10 अत्याधुनिक भारतीय स्टार्टअप चुने गए

artificial-intelligence

भारत की एआई क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत इंडियाएआई मिशन ने इंडिया एआई स्टार्टअप्स ग्लोबल इनिशिएटिव के लिए 10 अत्याधुनिक भारतीय एआई स्टार्टअप के चयन की घोषणा की। यह स्टेशन एफ, पेरिस और एचईसी पेरिस के साथ साझेदारी में एक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम है।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा की ” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी 2024 में एआई एक्शन समिट की यात्रा ने न केवल उच्च-स्तरीय राजनीतिक प्रतिबद्धता का संकेत दिया, बल्कि वैश्विक एआई मानदंडों और नवाचार कूटनीति को आकार देने के लिए भारत की मंशा को भी प्रदर्शित किया। भारत का एआई इकोसिस्टम अब वैश्विक सफलता के शिखर पर है। इस तरह की पहलों के माध्यम से, हम अपने सबसे होनहार स्टार्टअप को अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करने, वैश्विक गठबंधन बनाने और स्केलेबल, प्रभावशाली समाधान बनाने में सक्षम बना रहे हैं। स्टेशन एफ और एचईसी पेरिस के साथ इंडिया एआई मिशन की यह साझेदारी भारत की नवाचार कूटनीति में एक नया अध्याय प्रस्तुत करती है।”

MeitY के अतिरिक्त सचिव और सीईओ इंडिया एआई मिशन श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि इंडिया एआई स्टार्टअप ग्लोबल इनिशिएटिव एक कार्यक्रम से कहीं अधिक है, यह भारत की प्रतिभा और दुनिया के नवाचार केंद्रों के बीच एक सेतु है। ये 10 स्टार्टअप भारतीय एआई की ताकत, विविधता और वैश्विक क्षमता का उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि हमें वैश्विक एआई नेताओं के रूप में उनकी अगली छलांग का समर्थन करने पर गर्व है।

इन 10 स्टार्टअप को एक कठिन बहु-चरणीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना गया है और वे दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप कैंपस स्टेशन एफ में भारत के गतिशील एआई इनोवेशन इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करेंगे। जो उनके वैश्विक विस्तार, बाजार पहुंच और सीमा पार सहयोग का समर्थन करने के लिए डिज़ाइन किए गए चार महीने के कार्यक्रम के लिए है। कार्यक्रम में एक महीने का ऑनलाइन तैयारी मॉड्यूल शामिल है। इसके बाद पेरिस, फ्रांस में तीन महीने का इमर्सिव रेजीडेंसी शामिल है।

यह पहल भारत के जिम्मेदार, स्केलेबल और समावेशी एआई में नेतृत्व को उत्प्रेरित करने के लिए इंडिया एआई मिशन के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। यूरोप के प्रमुख बिजनेस स्कूल एचईसी पेरिस द्वारा डिज़ाइन किया गया यह कार्यक्रम स्टार्टअप को उनके निवास के दौरान अग्रणी फ्रांसीसी और यूरोपीय इकोसिस्टम प्रमुखों के साथ संसाधनों, सलाह और नेटवर्किंग के अवसरों तक बेजोड़ पहुँच प्रदान करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top