चमोली में बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित जनपद 53 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में पांचवें स्थान पर

chamoli-administration

राज्य स्तरीय बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार गोपेश्वर में बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि जनपद चमोली बीस सूत्री कार्यक्रम के क्रियान्वयन में 53 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में पांचवें स्थान पर है। बैठक में उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने सभी नोडल विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नवाचार आधारित कार्यप्रणाली अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसलिए सभी विभाग पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके परिणाम भी धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय बढ़ाएं नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट अपडेट करें तथा लाभार्थियों का सर्वेक्षण तेजी से पूरा करें जिससे योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके। बैठक में गरीबी उन्मूलन शिक्षा कृषि एवं सिंचाई महिला एवं बाल विकास स्वास्थ्य सेवाएं स्वच्छता सामाजिक सुरक्षा पेंशन ग्रामीण विकास रोजगार सृजन जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री आवास योजना सहित बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से किसानों महिलाओं युवाओं एवं वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं को अभियान मोड में लागू करने पर बल देते हुए कहा कि इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जनपद के समग्र एवं समावेशी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी अर्थ एवं संख्याधिकारी (20 सूत्रीय कार्यक्रम) सुरेश गोयल जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top