बद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा होगी और अधिक सुगम 900 मीटर लंबी सुरंग तैयार 200 मीटर लंबे पुल का निर्माण अंतिम चरण में

new-pull-badrinath-kedarnath-route

चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में रुद्रप्रयाग जनपद में एक महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजना तेजी से अंतिम रूप ले रही है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने के लिए बनाई जा रही 900 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि इसके साथ निर्मित किया जा रहा 200 मीटर लंबा पुल भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम आने-जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल की गुणवत्ता सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के लिए आवश्यक परीक्षण एवं ट्रायल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि इसे पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप संचालन के लिए तैयार किया जा सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रुद्रप्रयाग नगर से होकर गुजरने वाले वाहनों के कारण अक्सर यातायात का दबाव बढ़ जाता है जिससे स्थानीय नागरिकों और चारधाम यात्रियों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

सुरंग और पुल के संचालन में आने के बाद वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी, यात्रा का समय कम होगा तथा नगर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक घट जाएगा। इससे चारधाम यात्रा मार्ग पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित बन सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि चारधाम यात्रा की समग्र व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को तेज सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा वहीं स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही भी आसान होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन चारधाम यात्रा को अधिक व्यवस्थित सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रहे हैं। सुरंग और पुल जैसी परियोजनाएं भविष्य में यात्रा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top