सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चमोली ने सबसे पहले पूरा किया एचपीवी टीकाकरण का शत प्रतिशत लक्ष्य

chamoli-100-percent-hpv-vaccination

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत ह्यूमन पेपिलोमा वायरस यानी एचपीवी टीकाकरण अभियान में जनपद चमोली ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। चमोली ने उत्तराखंड में सबसे पहले शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा किया है। जनपद में लक्षित 14 वर्ष आयु वर्ग की 3,174 बालिकाओं के सापेक्ष सभी 3,174 बालिकाओं का टीकाकरण कर 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। चमोली जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सीमांत एवं दुर्गम जनपद में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण कार्य था जिसे स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने व्यापक जनजागरूकता और समन्वित प्रयासों के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया। अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर सघन जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

जिला प्रतिरक्षण अनुभाग जिला सूचना शिक्षा एवं संचार प्रकोष्ठ एएनएम सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी देते हुए टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों टीकाकरण सत्र स्थलों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान को गति दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र बालिकाओं के लिए यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह उपलब्धि संभव हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top