चमोली जिला चिकित्सालय में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सुविधा किडनी मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

chamoli-district-hospital

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अब जिला चिकित्सालय चमोली में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सांसद निधि से डायलिसिस मशीन की स्थापना के लिए 65 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है जिसमें से 50 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। इस पहल के बाद जनपद के किडनी रोगियों को डायलिसिस उपचार के लिए देहरादून श्रीनगर या अन्य बाहरी जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला चिकित्सालय में ही गुणवत्तापूर्ण डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय धन और अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिलेगी। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.अनुराग धनिक ने बताया कि सांसद निधि से प्राप्त धनराशि के आधार पर डायलिसिस मशीन की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मशीन की खरीद एवं स्थापना के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया सहित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी ताकि जल्द से जल्द यह सुविधा जनपदवासियों को उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मशीन के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं एवं अन्य जरूरी तैयारियों पर भी कार्य किया जा रहा है। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही जिला चिकित्सालय में डायलिसिस सेवा शुरू कर दी जाएगी। डायलिसिस सुविधा शुरू होने से चमोली सहित आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध होगा। इससे उन्हें दूसरे जनपदों में इलाज के लिए बार-बार जाने की परेशानी से राहत मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ प्रभावी और सुविधाजनक बनाने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top