पौड़ी में होगा डिजिटल युवा महोत्सव-2026, युवाओं को ऑनलाइन मंच पर दिखाने का मिलेगा हुनर

online-internet-computer

जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में डिजिटल युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के माध्यम से युवाओं को डिजिटल मंच पर अपनी फिटनेस रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताएं पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी तथा जिला स्तर पर विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और पर्यटन धरोहर का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा उनकी प्रतिभाओं को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव का संचालन फिट उत्तराखंड ऐप के माध्यम से किया जाएगा जिसमें पंजीकरण से लेकर वीडियो रील और फोटो अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत एवं टीम श्रेणी में प्रतिभाग कर सकेंगे। महोत्सव चार सप्ताह तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। प्रथम सप्ताह में सूर्य नमस्कार चैलेंज और मेरा जनपद मेरी पहचान द्वितीय सप्ताह में पुश-अप एवं स्क्वाट चैलेंज तथा माई उत्तराखंड माई प्राइड तृतीय सप्ताह में स्किपिंग एवं प्लैंक चैलेंज के साथ युवा फोटोग्राफी चैलेंज जबकि अंतिम सप्ताह में फिटनेस फिनाले और वन मिनट वन स्किल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि के भीतर अपनी मौलिक वीडियो रील अथवा फोटो फिट उत्तराखंड ऐप पर अपलोड करनी होगी।

संपादित विशेष प्रभावयुक्त अथवा पूर्व प्रकाशित सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर भी विचार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5000 रुपये 3000 रुपये और 2000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों शिक्षण संस्थानों और सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों महाविद्यालयों युवा मंगल दलों महिला मंगल दलों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से फिट उत्तराखंड ऐप पर पंजीकरण कर डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top