रुद्रप्रयाग जनपद में बुधवार रात से रुक-रुक कर हो रही वर्षा के चलते गुरुवार सुबह तिलवाड़ा क्षेत्र में नगर पंचायत शौचालय के समीप स्थित बरसाती नाले से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया और वाहनों की आवाजाही बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर मार्ग बहाली कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिए कि इस संवेदनशील स्थल पर मशीनरी और आवश्यक मानव संसाधन लगातार तैनात रखा जाए ताकि भविष्य में दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात बाधित न होने दिया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बरसाती नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी आकलन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि ऊपरी क्षेत्र में मलबा जमा है और उसके राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने की आशंका है तो उसका विस्तृत निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित तकनीकी प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर स्थायी सुरक्षा एवं उपचारात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि तिलवाड़ा क्षेत्र श्री केदारनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। इसलिए इस मार्ग की नियमित निगरानी रखरखाव और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बहाली सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वर्षाकाल के दौरान सभी संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा मशीनरी उपकरण और अन्य संसाधन हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मानसून अवधि में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए ताकि स्थानीय नागरिकों यात्रियों और केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिला प्रशासन ने आमजन एवं यात्रियों से लगातार हो रही वर्षा के मद्देनजर सावधानीपूर्वक यात्रा करने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





