हरिद्वार में जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण के रूप में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है जो 24 मई 2026 तक चलेगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में इस कार्य को पारदर्शिता और सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि जनगणना कार्य समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि इस चरण में नियुक्त पर्यवेक्षक और प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कर रहे हैं। यह प्रक्रिया जनगणना का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसके माध्यम से प्रत्येक मकान का विस्तृत विवरण एकत्र किया जा रहा है।
जनपद में इस कार्य के लिए 2944 प्रगणक और 478 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 कई दृष्टियों से विशेष है, क्योंकि इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है। मोबाइल एप्लिकेशन आधारित कार्य प्रणाली और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद वासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों का सहयोग करें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में भागीदारी निभाएं। साथ ही भ्रामक जानकारी से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई।





