हरिद्वार में दीपावली से पहले शुरू होगी गंगा सारथी इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

ganga-saarthi-electric-golf-cart-haridwar

धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों के साथ दिव्यांगजनों को राहत देने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर हरिद्वार नगर निगम द्वारा हरकी पैड़ी क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। गंगा सारथी नाम से प्रस्तावित इस सेवा का संचालन दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से शुरू की जा रही इस सेवा का उद्देश्य हरकी पैड़ी और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

धर्मनगरी हरिद्वार में वर्षभर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। विशेष पर्वों और त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण बुजुर्गों और बच्चों सहित दिव्यांगजनों को लंबी दूरी पैदल तय करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गंगा सारथी सेवा शुरू होने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि यह सेवा लगभग ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित की जाएगी। इसके प्रथम चरण में हरिद्वार मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक तथा दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाने की योजना है। शुरुआती चरण में कुल 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों के साथ प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था की जाएगी। मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सहायता के लिए प्रत्येक 100 मीटर की दूरी पर मार्शल तैनात करने की योजना भी बनाई गई है।

इससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता मिल सकेगी। नगर निगम द्वारा आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा का किराया भी प्रस्तावित किया गया है। इसके अनुसार मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक प्रति यात्री किराया 20 रुपये निर्धारित करने की योजना है। इसके अतिरिक्त स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों की सुविधा के लिए मासिक पास तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआईपी पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इनमें मुख्य डाकघर के पास और हरकी पैड़ी सहित क्षेत्र के एक अन्य प्रमुख स्थान पर टिकट काउंटर बनाने की योजना है। इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के नियमित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन और रखरखाव केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हरकी पैड़ी पर गुरु के लंगर के पास एक उपकेंद्र तैयार करने की योजना है। इससे वाहनों की चार्जिंग और संचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी। गंगा सारथी सेवा की प्रमुख विशेषता इसका पर्यावरण अनुकूल स्वरूप है। बैटरी से संचालित होने वाले इन वाहनों से स्थानीय स्तर पर धुएं का उत्सर्जन नहीं होगा और ध्वनि प्रदूषण भी कम होगा।

इससे गंगा तट और आसपास के धार्मिक क्षेत्रों की स्वच्छता तथा शांति बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आवागमन का सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर प्रस्तावित यह व्यवस्था हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है ताकि आगामी त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top