मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कुंभ मेला अधिकारी सोनिका तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कुंभ मेले को दिव्य और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वागत के लिए शहर की दीवारों को आकर्षक कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार अपनी कला के रंग बिखेर रहे हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के साथ आध्यात्मिकता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। कुंभ मेले के दृष्टिगत शहर के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को इस अभियान से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान में बड़ी संख्या में छात्राएं उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रही हैं।
देश के विभिन्न राज्यों से युवा कलाकार हरिद्वार पहुंचकर शहर की दीवारों को अपनी कलाकृतियों से नया स्वरूप दे रहे हैं। कलाकारों द्वारा ग्रीन कुंभ का संदेश देने के साथ ही साधु-संतों और समुद्र मंथन के प्रसंगों पर आधारित चित्र बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा हरकी पैड़ी और महाकुंभ के दृश्य तथा रामायण और भीम लीला के प्रसंगों के साथ शिव लीला एवं सती प्रसंग जैसे धार्मिक और पौराणिक विषयों को भी कलाकृतियों में उकेरा जा रहा है। इन चित्रों के माध्यम से भारतीय धर्म और संस्कृति तथा पौराणिक विरासत के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। इस पहल से कुंभ नगरी हरिद्वार की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी। वहीं देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवा कलाकारों और विशेषकर छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध होगा तथा कला और कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।






