भारी वर्षा की चेतावनी: 10 जुलाई को चमोली के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

chamoli-district-school-holiday-july-10-2026

भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जनपद चमोली सहित उत्तराखंड के कई जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जनपद में कहीं-कहीं कम से मध्यम स्तर की आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी जताया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी और संभावित आपदा जोखिम को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चमोली गौरव कुमार ने जनपद के सभी शासकीय अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को निर्देश दिए हैं कि आदेश का जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अभिभावकों शिक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top