चमोली जनपद की नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले में पानी के तेज बहाव के कारण ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया जिससे नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना होकर स्थिति का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी में जुटी हैं। तमक नाले में जल प्रवाह बढ़ने के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने तथा नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही नदी-नालों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें।





