जौनपुर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग सभी छह यात्री सुरक्षित

helicopter-emergency-landing-jaunpur-region-tehri

टिहरी गढ़वाल जनपद के जौनपुर क्षेत्र में चारधाम यात्रा रूट पर संचालित ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकॉप्टर की तकनीकी समस्या के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की सूझबूझ और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना 20 मई 2026 की सुबह की है जब ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर जौनपुर क्षेत्र के नवागांव-सत्यों के ऊपर पहुंचा तभी हवा और अधिक प्रेशर के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इसी दौरान हेलीकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के काफी करीब पहुंच गया जिससे उसके पिछले हिस्से को क्षति पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में करा दी।

समय रहते सुरक्षित लैंडिंग होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू किए गए तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने ट्रांस एविएशन कंपनी के सीईओ सिद्धार्थ और कंपनी प्रतिनिधि सुधीर गुलाटी से वार्ता कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन द्वारा सभी यात्रियों को टैक्सी वाहनों के माध्यम से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन लगातार ट्रांस एविएशन कंपनी के संपर्क में है तथा हेलीकॉप्टर के रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के लिए कंपनी की मेंटेनेंस टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्राथमिक जांच में सभी यात्री सुरक्षित पाए गए हैं। घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित तकनीकी और एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top