ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा वाहन के लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने पर थाना देवप्रयाग पुलिस राजस्व विभाग एवं एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की श्रीनगर ब्यासी एवं ढालवाला इकाइयों से अतिरिक्त रेस्क्यू टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक दो पुरुषों एवं एक महिला का शव बरामद किया गया है जबकि लगभग 15 वर्षीय एक बालक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया है। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अन्य यात्रियों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही साझा करें।





