कोटद्वार में एक दिसंबर को लगेगा मेगा रोजगार मेला

jobs

जनपद पौड़ी गढ़वाल सहित प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी एक दिसंबर को कोटद्वार स्थित डॉ.पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस मेले में 40 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। मेले में केवल उत्तराखंड के युवा ही प्रतिभाग कर सकेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में विनिर्माण क्षेत्र और सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों के साथ सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमों यानी एमएसएमई तथा होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी। इसके अलावा रिटेल और मॉल सहित विभिन्न निजी क्षेत्रों की कंपनियां भी मेले में प्रतिभाग करेंगी।

कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर अपनी आवश्यकतानुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के साथ आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक युवा भी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके अलावा स्नातक एवं परास्नातक तथा तकनीकी और गैर तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा भी रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। रोजगार मेले के दौरान युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा। मेले में प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। आगामी एक-दो दिनों में पंजीकरण लिंक और क्यूआर कोड के साथ प्रतिभाग करने वाली कंपनियों का विवरण आधिकारिक रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी www.rojgarprayag.uk.gov.in पर जाकर पंजीकरण कराने के साथ ही अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने साथ अपडेटेड बायोडाटा और शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र तथा पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने को कहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top