चलती टैक्सी में आग लगने से टली बड़ी घटना टिहरी पुलिस की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित

tehri-taxi-vehicle-fire

 टिहरी में पुलिस की सतर्कता और चालक की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई जब चलती टैक्सी में अचानक आग लग गई। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार 07 सीटर टैक्सी वाहन संख्या UK13TA-1558 का चालक उमेश प्रसाद निवासी ग्राम कुणजेठी थाना गुप्तकाशी जनपद रुद्रप्रयाग अपने वाहन में 6 सवारियों को लेकर सोनप्रयाग से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। शाम लगभग 5:50 बजे जब वाहन तीनधारा से आगे बछेलीखाल के पास पहुंचा तो वाहन अचानक अधिक गर्म हो गया और क्लच व एक्सीलेटर ने काम करना बंद कर दिया। इसी दौरान वाहन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से उतार दिया। कुछ ही क्षणों में वाहन में आग लग गई।

सूचना मिलने पर पुलिस चौकी बछेलीखाल से उप निरीक्षक दीपक लिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने सड़क के दोनों ओर यातायात को तत्काल रोककर किनारे कराया‌ ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही फायर सर्विस नरेंद्रनगर को सूचना दी गई और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग अधिक होने के कारण शुरुआत में पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पाया लेकिन बाद में स्थिति काबू में आ गई। आग कम होने के बाद यातायात को फिर से सुचारू किया गया। सभी यात्रियों और चालक को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया। वाहन स्वामी आयुष सिंह निवासी ग्राम बाराह मल्ला थाना अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top