आगामी कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए मेला प्रशासन और रेलवे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में रेलवे और मेला प्रशासन के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई जिसमें श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में हरिद्वार सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार सौंदर्यीकरण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिकारियों ने तय किया कि रेलवे और मेला प्रशासन की संयुक्त टीमें हरिद्वार समेत आसपास के स्टेशनों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी। इसी रिपोर्ट और पूर्व के अनुभवों के आधार पर कुंभ मेले के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि हरिद्वार कुंभ देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क एवं रेल मार्ग से पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि शहर के बीचोंबीच होने वाले इस आयोजन में भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होती है इसलिए सभी विभागों को अभी से समन्वित रणनीति के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से हरिद्वार और आसपास के स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण करने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त होल्डिंग एरिया तथा बफर जोन विकसित करने को कहा।
साथ ही उन्होंने एआई आधारित कैमरों की स्थापना पर जोर देते हुए कहा कि इससे भीड़ का सटीक आकलन करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेला नियंत्रण कक्ष में रेलवे की अलग समन्वय डेस्क स्थापित की जाएगी जबकि रेलवे नियंत्रण कक्ष में मेला प्रशासन के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी ताकि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग देगा। उन्होंने बताया कि रेलवे ने कुंभ मेला हरिद्वार के लिए अलग से रेलवे मेलाधिकारी की नियुक्ति की है और मेला नियंत्रण कक्ष में भी रेलवे अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि हरिद्वार और आसपास के कुल 11 रेलवे स्टेशनों को कुंभ कार्ययोजना में शामिल किया गया है। सामान्य दिनों में संचालित 33 जोड़ी ट्रेनों के अतिरिक्त प्रमुख स्नान पर्वों पर लगभग 15 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की योजना तैयार की गई है। आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी होल्डिंग एरिया सहित कुल पांच होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे जिनकी क्षमता लगभग 19 हजार श्रद्धालुओं की होगी। इससे भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा में काफी मदद मिलेगी। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल एडीआरएम प्रेम शंकर झा रेलवे मेला अधिकारी चेतन तनेजा एसपी ट्रैफिक निशा यादव एसपी जीआरपी अरुणा भारती अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती अपर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार सीओ बिपेंद्र कुमार अनुज तथा रेलवे पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





