नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: 7 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

nainital-school-closed-7-september-2026-dm-order

नैनीताल, 6 सितंबर 2026: जिले में मौसम विभाग की ओर से जारी अतिवृष्टि/भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को नैनीताल जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भू-स्खलन की आशंका भी व्यक्त की गई है।

कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद

आदेश के तहत सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान 7 सितंबर को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।

विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

आवासीय शिक्षण संस्थानों पर आदेश लागू नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक/बेसिक) एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top