जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम एवं केदारनाथ पैदल मार्ग पर प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट के प्रभावी निस्तारण के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। प्रशासन सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत केदारनाथ के संयुक्त प्रयासों से 18 जून से 27 जून तक 2,332 बैगों के माध्यम से कुल 9,549 किलोग्राम (लगभग 9.5 टन) कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर तैनात पर्यावरण मित्र प्रतिदिन प्लास्टिक पानी की बोतलों तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को व्यवस्थित रूप से एकत्र कर रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद पर्यावरण मित्र लगातार स्वच्छता अभियान में जुटे हुए हैं जिससे धाम और यात्रा मार्ग की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। एकत्रित कूड़े को धाम से नीचे लाकर गौरीकुंड में संकलित किया जाता है। इसके बाद सुलभ इंटरनेशनल द्वारा सोनप्रयाग स्थित कॉम्पेक्टर के माध्यम से उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ धाम की स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यावरण मित्रों की मेहनत विभिन्न विभागों के समन्वय और तीर्थयात्रियों के सहयोग से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है इसलिए इसकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रशासन भविष्य में भी नवाचारपूर्ण और प्रभावी व्यवस्थाओं के माध्यम से धाम तथा पैदल मार्ग को स्वच्छ सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।





