मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए जनपद स्तरीय चयन ट्रायल 28 जुलाई से रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे। योजना के तहत जनपद के 08 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा के विकास के लिए वर्ष 2026-27 के दौरान प्रतिमाह ₹1500 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 28 जुलाई को बालक वर्ग तथा 29 जुलाई को बालिका वर्ग के लिए विकासखंड दुगड्डा द्वारीखाल यमकेश्वर नैनीडांडा रिखणीखाल बीरोंखाल जयहरीखाल एवं थलीसैंण के साथ नगर पालिका दुगड्डा और नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को बालक वर्ग तथा 31 जुलाई को बालिका वर्ग के लिए विकासखंड पौड़ी कोट कल्जीखाल पाबौ खिर्सू एकेश्वर एवं पोखड़ा के साथ नगर पालिका पौड़ी तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल होंगे। एक अगस्त को आरक्षित दिवस रखा गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत छह आयु वर्गों में जनपद से कुल 150 बालक एवं 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह ₹1500 की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी जिससे उन्हें नियमित खेल प्रशिक्षण बेहतर अभ्यास और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी पात्र बालक-बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ रांसी स्टेडियम पौड़ी पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है।





