कोटद्वार में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन युवाओं ने प्रस्तुत किए स्टार्टअप आइडिया

seva-first-innovation-challenge-kotdwar

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के युवाओं सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपने नवाचारपूर्ण स्टार्टअप आइडिया और व्यावसायिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कुल 55 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जबकि 20 समूहों ने अपने स्टार्टअप आइडिया का प्रस्तुतीकरण किया। कार्यक्रम में जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय घुड़दौड़ी आईएचएमएस कोटद्वार और एनआईटी श्रीनगर के छात्र-छात्राओं सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने अपने विचार साझा किए। प्रतिभागियों ने अपने नवाचारपूर्ण विचारों और व्यावसायिक प्रस्तावों के माध्यम से उद्यमिता के क्षेत्र में संभावनाएं प्रस्तुत कीं। निर्णायक दल ने प्रस्तुत किए गए 20 स्टार्टअप आइडिया का मूल्यांकन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को अपने विचारों को व्यावहारिक और सफल उद्यम में बदलने के लिए आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन दिया गया। युवाओं को स्टार्टअप की संभावनाओं इनक्यूबेशन प्रक्रिया और उद्यम स्थापना से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना तथा उनके रचनात्मक विचारों को सफल व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराना रहा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने और उद्यम स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के निर्णायक दल में जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह एएलसी कोटद्वार के सिरताज सिंह रांगड़ आईआईएम काशीपुर के प्रोजेक्ट लीड कपिल कुमार मौर्य मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से तनुज पुंडीर एवं दर्शन उनियाल डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ विवेक जदली तथा उद्यमी चमनलाल शर्मा एवं दीपक बनियाल शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top