भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड राज्य में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संपादित किया जा रहा है। राज्य में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तराखण्ड में कुल 7278035 मतदाता शामिल किए गए हैं। जिसमें 3484447 महिला, 3793373 पुरुष मतदाता एवं 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतरिक्त प्रदेश में सर्विस मतदाताओं की संख्या 86028 है। जिसमें 83352 पुरुष एवं 2676 महिला शामिल हैं। वर्तमान में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 12498 हो गई है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संपादित किया गया। इस अभियान में 125216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए जबकि 6130 मतदाताओं के फार्म 7 प्राप्त होने पर विधिवत निस्तारित किए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट www.voter.eci.gov.in एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाईट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन विजिट कर देखा जा सकता है। इसके साथ ही डीईओ/ईआरओ कार्यालय एव बीएलओ के माध्यम से भी सूची को देखा जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रति मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को साफ्ट कॉपी उपलब्ध करायी गई है।
जनपद स्तर पर मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो 1
जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं या किन्ही कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म 6 भरकर अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में आवेदन कर सकते इसके साथ ही ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन फार्म 6
भरकर आवेदन किया जा सकता है।
उत्तराखण्ड राज्य में हाल में ही संम्पादित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत 03अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया था जिसमें 7158949 मतदाताओं में (3421036 महिला, 3737701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता) शामिल थे।
आयोग द्वारा जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के कार्यक्रमानुसार 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों की मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया जाएगा।






