ऐतिहासिक मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या पाण्डवाज बैंड के नाम रही। बैंड के कलाकारों ने पारंपरिक पहाड़ी संगीत और आधुनिक धुनों के संगम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शक देर रात तक संगीत की धुनों पर झूमते रहे। संगीत निर्देशक ईशांत डोभाल के नेतृत्व में पाण्डवाज बैंड के कलाकारों ने राधा म्योलड़ि तिलगा धाना साम्ळौ दारी अगास जीतू बगड़वाल और धुँयाल़ जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ आधुनिक संगीत की धुनों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों को आकर्षित किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे और सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मां कुंजापुरी मेले के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मां कुंजापुरी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले के जरिए उत्तराखंड की लोक संस्कृति को नई पहचान देने और स्थानीय लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में मेला समिति और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पाण्डवाज बैंड के कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान संगीत निर्देशक ईशांत डोभाल के साथ मुख्य गायिका अनन्या डोभाल और गायक दीपक रावत ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के पहुंचने से बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। मेले में उमड़ी भीड़ से स्थानीय व्यापारियों में उत्साह है।
स्थानीय व्यापारी सुरेंद्र पुंडीर ने कहा कि मेले में बढ़ी भीड़ से दुकानदारों होटल व्यवसायियों और स्टॉल संचालकों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने मेले के बेहतर आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला समिति पुलिस प्रशासन तथा कैबिनेट मंत्री का आभार जताया। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन तथा मेला समिति के आपसी समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार नगर पालिका सभासद साकेत बिजल्वाण सचिन भंडारी विनीता ममता आभा आशा रवि नेगी द्वारिका प्रसाद जोशी और महेश गुसाईं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






