बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसपी चमोली

badrinath

विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज से पंच पूजाओं के साथ शुरू हो गई है। इसके तहत 12 नवंबर को श्री गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। भगवान बदरी विशाल के शीतकालीन कपाट बंद होने से पहले अंतिम दर्शनों के लिए धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने 12 नवंबर 2026 को बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ नियंत्रण और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने को कहा। इससे पूर्व एसपी चमोली ने बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल से भेंट कर उनके वापसी कार्यक्रम की जानकारी ली। साथ ही प्रभारी धर्माधिकारी वेदपाठी लक्ष्मी मंदिर के पुजारियों बीकेटीसी के अधिकारियों और पंडा पंचायत के सदस्यों से भी संवाद किया तथा कपाट बंद होने से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोलियां 17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। इसे देखते हुए उन्होंने डोली यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुचारु यातायात प्रबंधन के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। एसपी ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं से भी जानकारी ली। उन्होंने कपाट बंद होने के बाद भी जारी रहने वाले निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में थाना प्रभारी बदरीनाथ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने मंदिर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और पुलिस के जवानों से भी संवाद किया। उन्होंने जवानों की ड्यूटी और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पूरी सतर्कता समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top