आगामी 9 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले सोमवती स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार पुलिस एवं यातायात पुलिस ने शहर का विस्तृत यातायात प्लान जारी किया है। स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए अलग-अलग मार्गों पर यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा नगलाइमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा। यहां से वाहनों को धीरे-धीरे आगे छोड़ा जाएगा। चीला मार्ग का प्रयोग ऋषिकेश से केवल बाहर जाने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा। सामान्य यातायात का दबाव होने पर वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा ताकि शहर में वाहनों का प्रवेश धीमी गति से हो सके। टोल प्लाजा पर वाहनों के बाहर निकलने का दबाव बढ़ने पर निकासी के लिए नहर पटरी का प्रयोग किया जाएगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा। दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग व्यवस्था: दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन नारसन-मंगलौर-कोर कॉलेज-ख्याति ढाबा-गुरुकुल कांगड़ी-शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप और बीएचईएल तथा ऋषिकुल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन नारसन-मंगलौर-नगलाइमरती-लक्सर-फेरूपुर-जगजीतपुर-एसएम तिराहा-शनि चौक होते हुए श्रीयंत्र पुलिया पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप में होगी। दिल्ली और पंजाब-हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग: वाहनों को सहारनपुर-मंडावर-भगवानपुर-सालियर-बिझौली चौक-राष्ट्रीय राजमार्ग 344 होते हुए सहारनपुर बाईपास-छुटमलपुर बाईपास-बिहारीगढ़-मोहंड के रास्ते देहरादून और ऋषिकेश भेजा जाएगा। दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे से देवबंद-कोलकी टोल टैक्स-बिहारीगढ़-मोहंड होते हुए देहरादून भेजा जाएगा। मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग व्यवस्था: मुरादाबाद और नजीबाबाद से देहरादून तथा ऋषिकेश की ओर से स्नान के लिए हरिद्वार आने वाले छोटे वाहन नजीबाबाद-चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडीचौकी-चंडीचौक होते हुए पहुंचेंगे। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बड़े वाहन नजीबाबाद-चिड़ियापुर-श्यामपुर से 4.2 डायवर्जन के रास्ते भेजे जाएंगे। इनके लिए गौरीशंकर और नीलधारा में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। देहरादून और ऋषिकेश से स्नान के लिए आने वाले वाहनों का रूट: देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म-रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग लालजीवाला में निर्धारित की गई है। देहरादून और ऋषिकेश से मेरठ-दिल्ली जाने वाले वाहनों का रूट: गंगोत्री-यमुनोत्री और बदरीनाथ-केदारनाथ से देहरादून तथा ऋषिकेश होते हुए मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन नेपाली फार्म-रायवाला-चंडीचौक से राष्ट्रीय राजमार्ग 344 होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। देहरादून और ऋषिकेश से नजीबाबाद जाने वाले वाहनों का रूट: गंगोत्री-यमुनोत्री और बदरीनाथ-केदारनाथ से देहरादून तथा ऋषिकेश होते हुए नजीबाबाद जाने वाले वाहन नेपाली फार्म-रायवाला-चंडीचौक-चंडीचौकी-श्यामपुर होते हुए नजीबाबाद पहुंचेंगे। ऑटो और विक्रम वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था: सोमवती स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून-ऋषिकेश और रायवाला की तरफ से आने वाले विक्रम एवं ऑटो रिक्शा को फोरलेन स्थित जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा।
जयराम मोड़ से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां सवारियों को उतारने के बाद वाहनों को वापस लौटना होगा। पुल जटवाड़ा और ज्वालापुर की तरफ से आने वाले विक्रम एवं ऑटो रिक्शा रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए बस स्टेशन तथा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। शिवमूर्ति तिराहे से डायवर्जन कर यू-टर्न तुलसी चौक की ओर करते हुए कनखल की तरफ जाएंगे। वहीं ज्वालापुर की ओर जाने वाले विक्रम एवं ऑटो रिक्शा मायापुर फायर सर्विस से देवपुरा चौक होते हुए रानीपुर मोड़ से बीएचईएल और ज्वालापुर जा सकेंगे। बीएचईएल पुल की तरफ से आने वाले विक्रम एवं ऑटो रिक्शा भगत सिंह चौक-टिबड़ी फाटक-पुराना रानीपुर मोड़-देवपुरा होते हुए बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। शिवमूर्ति तिराहे से डायवर्जन कर यू-टर्न तुलसी चौक की ओर करते हुए कनखल की तरफ जाएंगे। ज्वालापुर की तरफ जाने वाले विक्रम एवं ऑटो रिक्शा मायापुर फायर सर्विस से देवपुरा चौक होते हुए रानीपुर मोड़ से बीएचईएल और ज्वालापुर जा सकेंगे। सोमवती स्नान पर्व के दौरान ललतारापुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों जिसमें विक्रम और ऑटो रिक्शा तथा टैक्सी शामिल हैं का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
बैरागी कैंप पार्किंग से शंकराचार्य चौक होते हुए तुलसी चौक तक आने वाले विक्रम और ऑटो तथा ई-रिक्शा यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 8 नवंबर 2026 की रात 12 बजे से सोमवती स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ताकि सोमवती स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।






