हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की अधिसूचना जारी कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने तीनों परिसरों और 50 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों तथा संस्थानों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा जिसके लिए प्रवेश परीक्षा अनिवार्य होगी।विश्वविद्यालय में संचालित लगभग 14 स्कूलों के अंतर्गत कला विज्ञान वाणिज्य प्रबंधन इंजीनियरिंग जीवन विज्ञान पृथ्वी विज्ञान शिक्षा विधि और सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश यूईटी के माध्यम से किया जाएगा। इसमें बीएड एमएड बीपीएड एमपीएड बीलिब एमलिब एलएलबी सहित सभी स्नातकोत्तर डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी सत्र से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम भी शुरू किया है। इन पाठ्यक्रमों में वही अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक ऑनर्स या ऑनर्स विद रिसर्च कार्यक्रम पूरा किया हो।
यह पहल उच्च शिक्षा को अधिक लचीला और शोध आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.वाई पी रैवानी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एमए एमएससी एमकॉम एमसीए एमटेक एमफार्मा एमएसडब्ल्यू एलएलबी एलएलएम बीएड एमएड बीपीएड एमपीएड बीलिब एमलिब और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए 27 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। अधिकांश पाठ्यक्रमों के लिए 100 प्रश्न होंगे जबकि बीएड कार्यक्रम के लिए 200 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा। परीक्षा की अवधि सामान्य पाठ्यक्रमों के लिए 2 घंटे और बीएड के लिए 3 घंटे तय की गई है। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ.प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी जो समर्थ पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित है। एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है। प्रवेश परीक्षा के केंद्र श्रीनगर टिहरी पौड़ी देहरादून ऋषिकेश और रुड़की में बनाए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल प्रवेश परीक्षा में सफल होना प्रवेश की गारंटी नहीं है। अंतिम चयन मेरिट सीटों की उपलब्धता और अन्य पात्रता शर्तों के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना विवरणिका को ध्यानपूर्वक पढ़ने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है।





