पर्यटन विभाग के अंतर्गत पंजीकृत होटल एवं होमस्टे संचालकों के लिए ग्रीन रेटिंग सिस्टम के क्रियान्वयन के संबंध में विकास भवन सभागार में कार्यशाला का आयोजन जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला में होटल एवं होमस्टे इकाइयों को पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं ऊर्जा एवं जल संरक्षण कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान ग्रीन रेटिंग सिस्टम के मानकों मूल्यांकन प्रक्रिया एवं पंजीकृत इकाइयों द्वारा अपनाई जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित विशेषज्ञों द्वारा दी गई। होटल एवं होमस्टे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी इकाइयों को विकसित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। साथ ही पर्यटकों के साथ किस प्रकार का व्यवहार किया जाना चाहिए इस संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद में सतत एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना तथा होटल एवं होमस्टे क्षेत्र में हरित व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान संचालकों को पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बेहतर एवं टिकाऊ बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अपनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल पर्यटन अधिकारी एसएस राणा अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशान्त भारद्वाज वरिष्ठ उरेडा अधिकारी एसएस मेहरा विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा कार्मिक जिला पंचायत पेयजल आदि संबंधित विभागों के अधिकारी सहित होमस्टे के मालिक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





