बीएसएनएल के नए लोगो का अनावरण

bsnl-new-logo

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के नए लोगो और इसकी सात नागरिक केंद्रित सेवाओं का अनावरण किया। ये सेवाएं भारत के हर कोने में सुरक्षित, किफायती और विश्वसनीय कनेक्टिविटी प्रदान करने पर बीएसएनएल के नए फोकस को दर्शाती हैं। लोगो का अनावरण संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन समारोह भारत संचार भवन में आयोजित किया गया और इसमें दूरसंचार सचिव, बीएसएनएल के सीएमडी और दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल, सीडीओटी, आईटीआई और टीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बीएसएनएल के नए लोगो के साथ-साथ सात अग्रणी पहलों का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य भारत के जुड़ने, संचार करने और अपनी डिजिटल सुरक्षा को बढ़ाने के तरीके में क्रांतिकारी बदलाव लाना है।

बीएसएनएल अब से भारत में तकनीकी नवाचारों में हमेशा सबसे आगे रहेगा: मंत्री सिंधिया

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नए लोगो का अनावरण करते हुए कहा कि बीएसएनएल का नया लोगो ग्राहक सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन 7 नागरिक केंद्रित सेवाओं का गुलदस्ता मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया और मेड बाय इंडिया है।

बीएसएनएल जल्द ही 5जी सेवाएं शुरू करेगा

भारत के स्वदेशी 5जी विजन के बारे में बात करते हुए, मंत्री ने साझा किया कि बीएसएनएल ने भारत के महत्वाकांक्षी 5जी रोल-आउट को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं। हमने 3.6 गीगाहर्ट्ज और 700 मेगाहर्ट्ज बैंड दोनों में स्वदेशी 5जी आरएएन और कोर के सफल परीक्षण किए हैं और भारत जल्द ही स्वदेशी 5जी सेवाएं शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि 2025 के मध्य तक स्थापित की जाने वाली 1,00,000 बीएसएनएल 4जी साइटों में से कई को 5जी कनेक्टिविटी में भी अपग्रेड किया जाएगा।

मंत्री सिंधिया ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, बीएसएनएल ने खुद को अनुयायी से बदलकर अब नेता बना लिया है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि नए लोगो और सात नागरिक केंद्रित सेवाओं का शुभारंभ उसी का प्रमाण है।

संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर ने इस अवसर पर कहा कि बीएसएनएल हमेशा से ही देश की रीढ़ की हड्डी रहा है और दूरदराज के चुनौतीपूर्ण इलाकों में दूरसंचार सेवाएं प्रदान करता रहा है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि बीएसएनएल को सरकार का अटूट समर्थन प्राप्त है और इसे दो पुनरुद्धार पैकेज मिले हैं। बीएसएनएल पूरी तरह से स्वदेशी 4जी उपकरण लगा रहा है जो तकनीकी उन्नति की क्षमता को दर्शाता है। मंत्री ने उल्लेख किया कि बीएसएनएल के पास कुशल जनशक्ति है और इसकी पहुंच देश भर में है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि नए लोगो के अनावरण से बीएसएनएल को नई पहचान मिलेगी और यह बीएसएनएल के बदलाव और नवाचार के लिए तत्परता को दर्शाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top