विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर पूरा बदरीनाथ धाम भगवान बदरीविशाल के जयघोष से गुंजायमान रहा। मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न हुईं। इस अवसर पर दानीदाताओं और श्रद्धालुओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया। बीते रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड रही। आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ जमी हुई थी। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन करने में सुविधा मिली। कपाट बंद होने के अंतिम दिन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष साढ़े तेईस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा से चारधाम शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी गद्दीस्थलों के दर्शन करने और यात्रा का लाभ उठाने की अपील की। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण तथा मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों और संस्थाओं के साथ तीर्थ पुरोहित समाज स्थानीय निवासियों तथा यात्रा से जुड़े कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि श्री बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं प्रारंभ हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। रविवार 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया और उन्हें भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया गया। सोमवार को कपाट बंद होने से पूर्व ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान का अभिषेक और श्रृंगार करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सामान्य दर्शन प्रारंभ हुए। दिनभर भोग और पूजा-अर्चना के साथ मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुला रहा। सायंकालीन पूजाओं के बाद रात्रि आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई। परंपरा के अनुसार रावल ने स्त्री रूप धारण कर माता लक्ष्मी जी को मंदिर परिसर स्थित उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान कुबेर जी और उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। अंत में रावल ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके पश्चात रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद मंगलवार 17 नवंबर को सेना के बैंड की धुनों के बीच भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोलियां श्री बदरीनाथ धाम से योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। शीतकाल में भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
वहीं भगवान गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ पहुंचेगी। भगवान गरुड़ जी 17 नवंबर को सीधे ज्योतिर्मठ प्रस्थान करेंगे जबकि रावल और नायब रावल आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। इसके बाद 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में विराजमान होगी। इस अवसर पर पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ में देव डोलियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रा वर्ष 2026 की श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन होगा और शीतकालीन गद्दीस्थलों में श्रद्धालुओं के दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज और दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज सहित बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण मौजूद रहे।
इनके अलावा मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं बीकेटीसी तथा चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश लखेड़ा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू देवीप्रसाद देवली प्रह्लाद पुष्पवान राजेंद्र डिमरी राकेश भंडारी नीलम पुरी रजनीश भट्ट मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी सचिव भगवती डिमरी श्रेयांस द्विवेदी पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल पूर्व सदस्य वीरेंद्र असवाल डीजीसी प्रकाश भंडारी अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल और राजन नैथानी पंडा पंचायत सचिव गौरव पंचभैया क्षेत्र पंचायत प्रमुख गणेश चंदोला मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान लेखाकार भूपेंद्र रावत विवेक थपलियाल डॉ. हरीश गौड़ अतुल डिमरी संजय भट्ट राकेश झिंक्वाण माणा पंचायत प्रधान पीतांबर मोल्फा और गंगा सिंह परिहार सहित डिमरी पंचायत ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत तथा हक-हकूकधारी संगठनों के प्रतिनिधि बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी तीर्थ पुरोहित और माणा-बामणी के श्रद्धालु उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के चारधामों में श्री गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को तथा श्री केदारनाथ और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं।






