बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो को सामान्य चोटें आई हैं जबकि चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 नवंबर 2026 को देर रात पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा बोलेरो वाहन संख्या यूके 13 टीए 1013 भट्टवारी-कण्डारा के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि अगस्त्यमुनि क्षेत्र में एक वाहन खाई में गिर गया है। वाहन में करीब 9 से 10 लोगों के सवार होने की सूचना मिलने पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस के साथ एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों तथा 108 एम्बुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला गया।
रिपोर्टों के अनुसार हादसे में घायल हुए लोगों में उम्मेद सिंह राणा पुत्र चंद्र सिंह राणा उम्र 52 वर्ष निवासी ग्राम रांसी कोतवाली ऊखीमठ और राजेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम रांसी कोतवाली ऊखीमठ शामिल हैं। वहीं श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किए गए घायलों में लविश राणा पुत्र दिलीप सिंह राणा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम रांसी कोतवाली ऊखीमठ कु. वंशिका पुत्री आशीष रावत उम्र 8 वर्ष निवासी ग्राम कांथा कोतवाली ऊखीमठ उर्मिला देवी पत्नी भरत सिंह राणा उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम चिलौंड कोतवाली गुप्तकाशी और पूजा पत्नी आशीष रावत उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम कांथा कोतवाली ऊखीमठ शामिल हैं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कुंवर सिंह पुत्र बच्चन सिंह उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम रांसी ऊखीमठ मदन सिंह पुत्र मोहन सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम रांसी ऊखीमठ सूरत सिंह पुत्र भीम सिंह उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम देड़ा ऊखीमठ और बलवीर सिंह पुत्र बिहारी सिंह उम्र 70 वर्ष निवासी दादा गैड़ बस्ती रांसी ऊखीमठ शामिल हैं।
पुलिस एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।






